मां ने 8 महीने के बेटे का सिर धड़ से अलग कर दिया

0

दिल्ली के अमन विहार थाना इलाके में आज सुबह एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसे सुनकर पत्थर से पत्थर दिल इंसान भी कांप जाए। प्रेमनगर पार्ट 2 के जनकपुरी क्षेत्र में एक मां पर अपने 8 महीने के बेटे का बेरहमी से कत्ल करने का आरोप है। आसपास के लोगों और महिला के पति ने इस बारे में जो बताया है, वह सनसनीखेज है। उनका कहना है कि मां ने बेटे का सिर धड़ से अलग कर दिया था। फिर इस सिर पर भी कूकर जैसे किसी भारी बर्तन से वार किए थे। उसका पेट फटा हुआ था।

4 साल पहले भी कर चुकी है 2 महीने के बेटे की हत्या

लोगों ने बताया कि जब महिला को सुबह पकड़ा तो उसके चेहरे पर भी खून के निशान थे। वह बेटे के साथ घर में अकेली थी। उसका पति देर से घर में आया था। इस महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है। उसने 4 साल पहले भी अपने 2 महीने के बेटे की हत्या की थी। हालांकि इस बारे में डीसीपी ने कहा कि अभी इस आरोप की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इस बारे में सही जानकारी मिलेगी।

महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं

डीसीपी आउटर एमएन तिवारी के मुताबिक, रात करीब 2:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सारिका नाम की एक महिला ने अपने 8 महीने के बेटे को मार दिया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को पकड़ लिया। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी। उनका कहना था कि जांच चल रही है, तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही बाकी जानकारी देना मुनासिब होगा।

फेरी लगाकर घर का खर्च चलाता है पति

महिला के पति हरिशंकर ने जो बताया वह दहला देने वाला था। उनका कहना था कि वह वीकली मार्केट्स में फेरी लगाकर घर का खर्च निकालते हैं। उनके बेटे का नाम चिराग था। उनकी दो बेटियां भी हैं, मगर मां के डर के कारण दोनों को दादा के पास रहने के लिए छोड़ रखा है। हालांकि महिला ने बेटियों को कभी नुकसान नहीं पहुंचाया। हरिशंकर के मुताबिक, सारिका की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसने चार साल पहले उनके 2 महीने के बेटे को मार दिया था। उसका इलाज लेडी हार्डिंग अस्पताल से करवाया जा रहा था, लेकिन यह अनुमान नहीं था कि वह दूसरे बेटे के साथ भी ऐसा करेगी।

Also Read : ‘हंसा’ का एक हिस्सा मेरे अंदर रहता है : सुप्रिया पाठक

बेटे का सिर बेड पर पड़ा था

हरिशंकर रोज रात 12 बजे के बाद घर पहुंच जाते हैं लेकिन बीती रात वह लेट हो गए। करीब 1:30 बजे जब वह घर आए तो कुंडी अंदर से बंद थी। देर तक सारिका ने दरवाजा नहीं खोला। हरिशंकर ने अपनी रेहड़ी तब तक साइड में लगा दी। दरवाजा खुला तो अंदर का सीन देखकर उनके होश उड़ गए। बेटे का धड़ बेड पर था और सिर फर्श पर क्षत-विक्षत हालत में। पेट फटा हुआ था। खून ही खून था। फिर पुलिस को सूचना दी गई। डीसीपी एमएन तिवारी ने कहा कि अभी ये सब आरोप जांच के दायरे में हैं। उसने पहले भी अपने बेटे की हत्या की है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More