रेकॉर्डतोड़ ठंड से थमा उत्तर भारत, दिल्ली में शनिवार 1901 के बाद दूसरा सबसे ठंडा दिन

0

दिल्ली की ठंड सबसे लंबी शीतलहर के रेकॉर्ड को तोड़ चुकी है। इस बार लगातार 14 दिनों से शीतलहर जारी है। 1997 के दिसंबर महीने में लगातार 13 दिन की शीतलहर चली थी जबकि पूरे महीने में कुल 17 दिन शीतलहर का प्रकोप रहा था।

पूरा उत्तर भारत ही शीत लहर की चपेट में

उत्तर भारत में रेकॉर्डतोड़ ठंड ने जनजीवन को थाम दिया है। लद्दाख की द्रास घाटी से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत ही शीत लहर की चपेट में है। पारा यहां नए रेकॉर्ड बना रहा है। दुनिया के दूसरे सबसे सर्द रिहायशी इलाके द्रास में पारा -20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शनिवार को यह 1.7 तक चला गया। राजस्थान के शेखावटी में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री दर्ज किया गया है। दिसंबर से अब तक 8 कोल्ड डे और 7 सीवियर कोल्ड डे रेकॉर्ड हो चुके हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार कोल्ड डे तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री कम हो जाए। दूसरा सीवियर कोल्ड डे वह होता है। जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है।

दिल्ली में शनिवार 1901 के बाद दूसरा सबसे ठंडा दिन

दिल्ली में शनिवार को लोधी रोड क्षेत्र में सुबह 8.30 बजे 1.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिसे सर्दी के इस सीजन का सर्वाधिक ठंडा दिन माना जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि शुक्रवार सुबह सफदरजंग क्षेत्र में 2.4 डिग्री सेल्सियस, पालम में 3.1 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 1.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली एनसीआर में साल 1901 के बाद इस दिसंबर में सबसे अधिक ठंड पड़ रही है।

अधिकारियों ने कहा कि 30 दिसंबर, 2013 को दिल्ली के सफदरजंग का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और 11 दिसंबर, 1996 को 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

नए साल की पूर्व संध्या पर तापमान में और गिरावट आ सकती है

मौसम विज्ञान विभाग ने यह भी कहा कि इस बार राष्ट्रीय राजधानी में 31 दिसंबर को नए साल की पूर्व संध्या पर तापमान में और गिरावट आ सकती है और उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों और कश्मीर घाटी में बर्फबारी हो सकती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 10 दिनों में शीत लहर तेज हो सकती है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More