
लखनऊ में रोडशो से पहले प्रियंका ने दी ट्विटर पर दस्तक
कांग्रेस की नवनिर्वाचित महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्विटर पर दस्तक दी है। बता दें कि प्रियंका गांधी का ट्विटर हैंडल लखनऊ में होने वाले उनके पहले रोडशो से कुछ समय पहले ही आया है।
मायावती के बाद प्रियंका गांधी की एंट्री
प्रियंका गांधी के ट्विटर पर आने के महज कुछ ही देर में कई हजार फॉलोवर हो गए हैं। दोपहर 12 बजे तक उनके फॉलोवर्स की संख्या तकरीबन पांच हजार पहुंच गई है। प्रियंका गांधी का ट्विटर हैंडल @priyankagandhi है। हालांकि, प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से कोई ट्वीट नहीं किया है। आपको बता दें कि हाल ही में बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी ट्विटर पर अकाउंट शुरू किया है।
ये भी पढ़ें: Live: कानपुर रोड पर पहुंचा प्रियंका का काफिला
बढ़ रही फॉलोअर्स की संख्या:
उनके फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस अध्यक्ष और अपने भाई राहुल गांधी को फॉलो किया। प्रियंका ने इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अहमद पटेल, कांग्रेस, अशोक गहलोत और सचिन पायलट को फॉलो किया। उत्तर प्रदेश की अपनी पहली यात्रा से एक दिन पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य के लोगों के साथ मिल कर वह नई तरह की राजनीति शुरू करने की उम्मीद करती हैं, जिसमें हर किसी की हिस्सेदारी होगी।
रोड शो आज :
प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश का और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के दोनों महासचिव 12,13 और 14 फरवरी को लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बात करेंगे। प्रियंका पूर्वी यूपी में 42 और पश्चिमी यूपी में सिंधिया 38 सीट संभालेंगे।