उत्तर भारत में शीतलहर जारी, मौसम विभाग ने जारी की गंभीर चेतावनी

0

उत्‍तर भारत में शीत लहर से कोई राहत नहीं है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश और बिहार के लिए आज अत्‍यधिक तेज शीत लहर की गंभीर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने कहा है कि नए वर्ष की शुरुआत तक शीत लहर से राहत के कोई आसार नहीं हैं। घने कोहरे से हवाई, रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ा है।

दिल्‍ली में कल दो दशमलव चार डिग्री सेल्सियस औसत तापमान के साथ इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। उत्‍तर प्रदेश में कई स्‍थानों पर तापमान दो डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।

हिमाचल प्रदेश में कुफरी, मनाली और सोलन सहित कई स्‍थानों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे आ गया। पहाड़ी क्षेत्रों में 31 दिसंबर से दो जनवरी के बीच बर्फ गिरने की आशंका है।

राजस्‍थान में सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान सबसे कम शून्‍य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। मध्‍य प्रदेश में तेज शीत लहर के साथ घने कोहरे से जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त है।

पूरा मध्य प्रदेश कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। राज्य के पच्चीस जिलों में पारा 5 डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी में कल सबसे कम तापमान एक दशमलव दो डिग्री दर्ज किया गया ।

वहीं, टीकमगढ़ में तापमान एक दशमलव पांच और उमरिया में एक दशमलव नौ डिग्री रहा। कड़ाके की ठंड से टीकमगढ़, रायसेन और रतलाम जिलों में पाला पड़ा है और फसलों पर ओस जम गई है।

मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के मालवा, निवाड़, बुंदेलखण्ड, ग्वालियर, चंबल, भोपाल और महाकौशल सहित ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर और कोहरे की संभावना व्यक्त की है।

बिहार में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान तेज ठंड पड़ने का चेतावनी जारी की है। राज्य में गया 3 दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

कड़ाके की ठंड के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी और सीतामड़ी सहित राज्य के अन्य जिलों में अब तक सोलह लोगों की मौत हो चुकी है।

दो दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। पटना से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनें छह से दस घंटे देर से चल रही हैं, जिसके चलते विभिन्न स्टेशनों पर रेल यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।

खराब मौसम के कारण दिल्ली, कोलकता और मुंबई जाने वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: ठंड का प्रकोप जारी, दस डिग्री से नीचे पारा

यह भी पढ़ें: शीतलहर की चपेट में उत्तर प्रदेश, दो दिनों तक सभी स्कूल बंद

 

 

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More