सुनील होगे गुरदासपुर उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार
कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा की कि पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
उपचुनाव के लिए मतदान 11 अक्टूबर को होगा
उपचुनाव के लिए मतदान 11 अक्टूबर को होगा और परिणाम 15 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ के पुत्र सुनील के नाम पर पार्टी ने इसलिए मुहर लगाई, क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का उन्हें जोरदार समर्थन प्राप्त था।
विनोद खन्ना के निधन के कारण गुरदासपुर लोकसभा सीट इस वर्ष मई में रिक्त हो गई थी
जाखड़ इस वर्ष पंजाब विधानसभा चुनाव में हार गए थे, जबकि पार्टी 117 सदस्यीय विधानसभा में 77 सीटें जीतकर सत्ता पर काबिज हो गई थी।कांग्रेस ने अमरिंदर से करीबी के कारण ही जाखड़ को इस वर्ष मई में पार्टी की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाया था।
वयोवृद्ध अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के कारण गुरदासपुर लोकसभा सीट इस वर्ष मई में रिक्त हो गई थी। खन्ना 1998 से 2004 तक और उसके बाद 2014 से अपने निधन तक इस सीट से सांसद रहे।
दोनों दलों के लिए सिर्फ खेल बिगाड़ने वाली भूमिका निभा सकती है
उपचुनाव में राज्य में सत्ताधारी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कड़े मुकाबले की संभावना है। राज्य विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप) दोनों दलों के लिए सिर्फ खेल बिगाड़ने वाली भूमिका निभा सकती है।
आप ने मेजर जनरल सुरेश खजूरिया (सेवानिवृत्त) को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने अभी तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, लेकिन वह अपने गठबंधन साझेदार शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ेगी।
नामांकन भरने की अंतिम तिथि 22 सितंबर है।
संभावित भाजपा उम्मीदवार को लेकर जिन नामों की चर्चा चल रही है, उनमें खन्ना की विधवा कविता खन्ना और मुंबई के करोड़पति कारोबारी स्वर्ण सालारिया के नाम शामिल हैं। विनोद खन्ना जब अस्पताल में थे तब उनकी अनुपस्थिति में क्षेत्र की देखभाल कविता ही करती थीं
खन्ना ने 1998 में कांग्रेस के पांच बार के सांसद सुखबंस कौर भिंडर को पराजित कर कांग्रेस के इस गढ़ पर कब्जा किया था। उन्होंने 1998, 1999, 2004 और 2014 में इस सीट से जीत दर्ज कराई थी।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)