व्यवसायी की हत्या पर भड़का आक्रोश, पुलिस ने चलाई गोली

0

बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में एक दवा व्यवसायी जनार्दन ठाकुर की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने ताजपुर थाने पर पथराव किया और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने लोगों को हटाने के लिए गोलियां चलाई, जिसमें तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने से लोग और आक्रोशित हो गए हैं। क्षेत्र में तनाव कायम है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-28 को किया जाम

पुलिस के अनुसार, हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को ताजपुर बंद का आह्वान किया था। बंद के दौरान लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-28 को जाम कर दिया और वहां सड़क पर आगजनी की। जाम हटाने पहुंची पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच जमकर नोक-झोक हुई और तनाव बढ़ गया। इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने ताजपुर थाना पर पथराव प्रारंभ कर दिया और वहां खडे कई वाहनों में आग लगा दी।

Also Read : लाहौर टी-20 का विरोध करने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर गिरी गाज

आत्मरक्षा के लिए चलाई पुलिस ने गोलियां

इस बीच पुलिस ने आत्म रक्षा के लिए गोलियां चलाई। लोगों को आरोप है कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

दुकान से घर लौट रहे युवक की हुई थी हत्या

उल्लेखनीय है कि ताजपुर थाना के आषाढ़ी गांव निवासी और दवा व्यवसायी जनार्दन ठाकुर (55) बुधवार रात ताजपुर से अपनी दुकान बंदकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में जमुआरी नदी किनारे श्मशान वाली सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। ताजपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।)

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. AcceptRead More